:- आत्मदाह की धमकी और सड़क जाम के आरोप में डालनवाला कोतवाली में केस दर्ज
देहरादून। परेड ग्राउंड स्थित पेयजल विभाग की पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन करने, आत्मदाह की धमकी देने और सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 11 मई को नर्सिंग बेरोजगार संगठन और महिला कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नीचे नहीं उतरे और मांगें पूरी कराने का दबाव बनाते रहे। इस दौरान टंकी के नीचे मौजूद समर्थकों ने धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी भी की।
बताया गया कि 12 मई को प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला ने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी दी और माचिस निकाल ली। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। वहीं दूसरी ओर प्रदर्शनकारियों ने परेड ग्राउंड से बाहर मुख्य सड़क पर जाम लगाकर यातायात बाधित किया, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात पुलिस बल तैनात किया। बाद में प्रदर्शनकारियों की मांगों का प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बाद ज्योति रौतेला अपने चार साथियों के साथ पानी की टंकी से नीचे उतर आईं।
पुलिस ने मामले में लोक सेवकों के आदेशों की अवज्ञा, सरकारी कार्यों में बाधा, सड़क जाम, लोक शांति भंग करने और ज्वलनशील पदार्थ के जरिए आत्मदाह की धमकी देने जैसी धाराओं में कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया है।
हाईलाइटर:-
पानी की टंकी पर चढ़कर तीन दिन तक चला प्रदर्शन
आत्मदाह की धमकी के बाद प्रशासन में मचा हड़कंप
सड़क जाम से यातायात प्रभावित, पुलिस बल रहा तैनात
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज