मां गंगा की पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने किया अभिनंदन, श्रीमद्भागवत कथा श्रवण कर जनकल्याण की कामना
देहरादून। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा सैंज स्थित मलूक पीठ धाम में पूर्व भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के उत्तरकाशी आगमन पर धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने उनका अभिनंदन करते हुए मां गंगा से जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा सैंज स्थित मलूक पीठ धाम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में पूर्व भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर दिव्य दर्शन प्राप्त किए। कार्यक्रम के दौरान सभी ने क्षेत्र एवं जनपद की सुख-समृद्धि, खुशहाली और लोककल्याण की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में “अनन्त श्रीविभूषित श्रीमज्जगद्गुरु द्वाराचार्य श्रीअग्रपीठाधीश्वर एवं श्रीमलूकपीठाधीश्वर परम पूज्य स्वामी श्री राजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज” के श्रीमुख से अमृतमयी श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण भी किया गया। कथा एवं संत आशीर्वाद से पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया।
विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि मां गंगा एवं श्री कंडार देवता की कृपा से समस्त जनपदवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, यही उनकी कामना है।
इस दौरान जिला अध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान, पूर्व डीपीसी सदस्य अरविंद नेगी, मनोज चौहान, राजेंद्र डंगवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।