:- आंधी-तूफान, तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका, चारधाम यात्रा पर भी विशेष सतर्कता के निर्देश
देहरादून। प्रदेश में लगातार बदलते मौसम के बीच आपदा प्रबंधन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। रविवार को विभिन्न जनपदों में आए आंधी-तूफान और बारिश के बाद सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार सोमवार (4 मई) और मंगलवार (5 मई) को भी राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इस दौरान तेज बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
4 मई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत में असर देखने को मिल सकता है, जबकि 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने की आशंका है।
सचिव ने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में आपातकालीन संचालन केंद्रों के माध्यम से मौसम की जानकारी तुरंत जनता तक पहुंचाई जाए, ताकि लोग समय रहते सावधानी बरत सकें। साथ ही, जिन सड़कों पर मौसम के कारण बाधा आई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द खोलने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। साफ निर्देश हैं कि हेलीकॉप्टर सेवाएं केवल सुरक्षित मौसम में ही संचालित हों और खराब मौसम में उड़ानें तुरंत रोक दी जाएं।
अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए रखने, आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे मौसम चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।