देहरादून में अवैध होमस्टे पर डीएम का बड़ा एक्शन, 17 के पंजीकरण निरस्त

:- नियम तोड़कर होटल, बार और पार्टी हब बन रहे थे होमस्टे; प्रशासन का “ऑपरेशन सफाई” जारी

देहरादून, 29 अप्रैल 2026। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित होमस्टे पर कड़ा प्रहार किया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रथम चरण में 17 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। साथ ही इन्हें पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए “ऑपरेशन सफाई” के तहत बीते 7 दिनों में मजिस्ट्रेट की 5 टीमों ने सहसपुर और रायपुर विकासखंड के नगरीय क्षेत्रों में व्यापक जांच की। जांच में सामने आया कि कई होमस्टे होटल की तरह संचालित हो रहे थे, जहां नियमों के विपरीत बार संचालन, देर रात तक लाउड डीजे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियां चल रही थीं।

प्रशासन के अनुसार, इन होमस्टे में उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों को ठहराया जा रहा था, जिससे शहर में नशे की हालत में ओवरस्पीडिंग और फायरिंग जैसी घटनाएं बढ़ रही थीं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और कानून से ऊपर कोई नहीं है।

निरीक्षण में कई गंभीर खामियां भी सामने आईं। अधिकांश होमस्टे में रसोई व्यवस्था नहीं थी, अग्निशमन उपकरण या तो उपलब्ध नहीं थे या उनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। कई स्थानों पर निर्धारित क्षमता से अधिक कमरों का संचालन हो रहा था और इकाइयों को लीज पर चलाया जा रहा था। विदेशी नागरिकों के ठहराव की अनिवार्य सूचना (सी-फॉर्म) भी कई मामलों में उपलब्ध नहीं कराई गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देना और लोगों की आय में वृद्धि करना है, लेकिन कुछ संचालकों द्वारा इसका दुरुपयोग कर इसे व्यावसायिक होटल में बदल दिया गया था, जिससे अव्यवस्था और सुरक्षा संबंधी खतरे उत्पन्न हो रहे थे।

प्रशासन ने सभी होमस्टे संचालकों को नियमावली का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *