तनाव मुक्त माहौल और बेहतर कार्यक्षमता के लिए उज्ज्वल में गूंजे हीलिंग के स्वर

एमडी अजय कुमार सिंह बोले- आधुनिक भाग-दौड़ में कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए ऐसे सत्र बेहद जरूरी

देहरादून। यूजेवीएनएल के उज्ज्वल मुख्यालय में कर्मचारियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से “साउंड हीलिंग सेशन” का आयोजन किया गया। इस विशेष सत्र का संचालन योगधाम फिटनेस मंत्रा, हरिद्वार द्वारा किया गया, जिसमें अनुभवी प्रशिक्षक वीरेन सिंह फर्त्याल, सुश्री शताक्षी शाह और सुश्री रूपप्रीत कौर ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि आधुनिक भाग-दौड़ भरी जीवनशैली में बढ़ते तनाव को देखते हुए ऐसे स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि यूजेवीएनएल अपने कर्मचारियों के समग्र विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की पहल जारी रखी जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सत्र सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक साबित होगा।

सत्र के दौरान ध्वनि तरंगों के माध्यम से ध्यान, विश्राम और मानसिक संतुलन स्थापित करने की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों को शंख, साउंड बाउल, मेडिटेटिव म्यूजिक और वाइब्रेशन आधारित हीलिंग पद्धतियों से परिचित कराया गया। इन तकनीकों का उद्देश्य तनाव कम करना, एकाग्रता बढ़ाना और आंतरिक ऊर्जा का संतुलन बनाए रखना है।

प्रशिक्षक वीरेन सिंह फर्त्याल ने बताया कि साउंड हीलिंग मानसिक शांति प्रदान करने के साथ ही शरीर की ऊर्जा प्रणाली को सक्रिय कर सकारात्मकता बढ़ाने में सहायक होती है। सत्र के दौरान प्रतिभागियों को श्वसन क्रिया का अभ्यास भी कराया गया।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह, कार्यकारी निदेशक आशीष जैन, महाप्रबंधक भारत भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने सत्र को प्रभावी, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *