हिमालयन पब्लिक इंटर कॉलेज सनगांव का शानदार प्रदर्शन, लगातार पांचवीं बार 100% रिजल्ट

:- हाईस्कूल में सिजल महर ने राज्य में 19वां स्थान पाया, इंटरमीडिएट में भी सभी छात्र प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण

कानाताल (चंबा): हिमालयन पब्लिक इंटर कॉलेज, सनगांव (कानाताल) ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षिक प्रदर्शन करते हुए हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में लगातार पांचवीं बार शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। विद्यालय की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य महादेव मैठाणी ने जानकारी देते हुए बताया कि हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में विद्यालय की छात्रा कुमारी सिजल महर ने राज्य वरीयता सूची में 19वां स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल परीक्षा में कुल 30 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए थे, जिनमें सभी विद्यार्थी ऑनर सहित प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 24 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें सभी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। इनमें से 14 छात्र-छात्राओं ने ऑनर के साथ परीक्षा पास कर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगाए।

विद्यालय के इस लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षक एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *