डिजिटल ग्रामसभा की मिसाल: ऑनलाइन वोटिंग से ओडाडा पंचायत ने पास किया नशामुक्ति प्रस्ताव

:- प्रवासियों की भागीदारी से सर्वसम्मति, 1 मई से शादी-समारोहों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध

नरेंद्र नगर (टिहरी गढ़वाल), 24 अप्रैल 2026: नरेंद्र नगर विकासखंड की ग्राम पंचायत ओडाडा ने राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस के अवसर पर लोकतंत्र और तकनीक का अनूठा संगम पेश करते हुए ‘नशामुक्त ओडाडा’ का ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया। खास बात यह रही कि इस निर्णय में न केवल गांव में मौजूद लोगों ने हिस्सा लिया, बल्कि बाहर रह रहे प्रवासियों ने भी ‘ऑनलाइन वोटिंग’ के जरिए अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

ग्राम प्रधान बबली रावत के नेतृत्व में आयोजित ग्रामसभा में डिजिटल और भौतिक दोनों माध्यमों से हुई मतदान प्रक्रिया में भारी समर्थन नशाबंदी के पक्ष में मिला। इसके बाद पंचायत भवन में प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

निर्णय के मुख्य बिंदु

1 मई से पूर्ण प्रतिबंध: पंचायत क्षेत्र में शादी-समारोह, सार्वजनिक भोज और स्थानीय त्योहारों में शराब परोसने व सेवन पर पूरी तरह रोक।

अनुशासन समिति का गठन: मातृशक्ति और युवा मंगल दल को निगरानी की जिम्मेदारी, उल्लंघन पर नजर रखेगी विशेष समिति।

₹25,000 का जुर्माना: नियम तोड़ने वाले आयोजकों पर आर्थिक दंड, गंभीर मामलों में पुलिस कार्रवाई।

प्रधान का बयान

ग्राम प्रधान बबली रावत ने कहा कि “ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से मिली सर्वसम्मति यह दिखाती है कि गांव अपनी आने वाली पीढ़ी के भविष्य को लेकर गंभीर है। यह फैसला हमारी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों की रक्षा की दिशा में बड़ा कदम है।”

ग्रामसभा में वार्ड सदस्य प्रेम सिंह, सरिता, कामेश्वरी देवी, अनिता देवी, दुर्गेश प्रसाद, चरण सिंह, दर्शनी देवी, युवा मंगल दल अध्यक्ष उत्तम रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश रावत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *