:- हरिद्वार पुलिस की बड़ी कामयाबी, दो सुपारी किलर गिरफ्तार, फरार मामा-भांजे की तलाश जारी
:- जमीन विवाद बना हत्या की वजह
:- गुमशुदगी से शुरू हुआ केस, हत्या में बदला
:- हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपी गिरफ्तार
:- हत्या में इस्तेमाल बाइक व नकदी बरामद
नवनीत सिंह, एसएसपी हरिद्वार
हरिद्वार। जमीनी विवाद में हुई रवि चौहान हत्याकांड का हरिद्वार पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल दो सुपारी किलरों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में फरार मामा-भांजे की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी द्वारा पहले गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। दो दिन बाद रवि चौहान का शव रानीपुर झाल क्षेत्र में बरामद हुआ, जिसके बाद मामले ने हत्या का रूप ले लिया। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह हत्या जमीनी विवाद के चलते कराई गई थी।
बताया जा रहा है कि मृतक को उसके भाई ने जमीन तोहफे में दी थी, जिससे नाराज उसके दामाद ने सुपारी देकर हत्या करवा दी। पुलिस ने इस मामले में एक कथित हिस्ट्रीशीटर और उसके साथी को गिरफ्तार किया है, जो सुपारी किलर के रूप में सामने आए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और सुपारी की रकम भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।