रेल सुरंगों की दुनिया से रूबरू हुए पॉलिटेक्निक छात्र

:-  ऋषिकेश–कर्णप्रयाग परियोजना का किया शैक्षणिक भ्रमण

:- देवप्रयाग के पास निर्माणाधीन साइट पर आधुनिक तकनीकों और क्लाउड मॉनिटरिंग सिस्टम की मिली जानकारी


बछेलीखाल (टिहरी गढ़वाल): छात्र-छात्राओं के व्यावहारिक ज्ञान को सशक्त बनाने और उन्हें औद्योगिक प्रक्रियाओं से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से राजकीय पॉलिटेक्निक बछेलीखाल द्वारा एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान संस्थान के छात्रों ने देवप्रयाग के समीप स्थित नवयुगा इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड के निर्माण स्थल का दौरा किया, जो रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेलवे लाइन परियोजना का हिस्सा है।

भ्रमण के दौरान रेल विकास निगम लिमिटेड के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर हिमांशु बडोनी ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें इंजीनियरिंग क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परियोजना की जटिलताओं और चुनौतियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

टनल निर्माण की आधुनिक तकनीकों से परिचय
छात्रों ने सुरंग निर्माण में उपयोग हो रही अत्याधुनिक तकनीकों और मॉनिटरिंग सिस्टम को करीब से देखा। विशेषज्ञों ने बताया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी किस प्रकार उच्च सुरक्षा मानकों के साथ रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किया जा रहा है।

क्लाउड तकनीक से हो रही रियल-टाइम मॉनिटरिंग
तकनीकी सत्र के दौरान छात्रों को SISO क्लाउड सर्वर के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि निर्माण कार्य के दौरान डेटा स्टोरेज और रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए क्लाउड तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे इंजीनियरों को सटीक विश्लेषण और त्वरित निर्णय लेने में मदद मिलती है।

व्यावहारिक ज्ञान से बढ़ा आत्मविश्वास
संस्थान के शिक्षकों ने बताया कि इस तरह के भ्रमण से छात्रों को किताबों से बाहर निकलकर वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव मिलता है, जो उनके तकनीकी कौशल और करियर निर्माण में सहायक है। छात्रों ने इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. शुभा पौखरिया, विपिन पंवार, राज आर्य, राजेंद्र जंगवान और प्रिंस चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *