बीच एशियन गेम्स 2026: भारतीय टीम में यथार्थ देशवाल, उत्तराखंड कबड्डी का स्वर्णिम दौर—महेश जोशी

:- यथार्थ देशवाल का भारतीय टीम में चयन, उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण

देहरादून, 19 अप्रैल 2026। चीन के सान्या में 22 से 27 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने जा रहे दूसरे बीच एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी टीम में उत्तराखंड के यथार्थ देशवाल का चयन राज्य के लिए गर्व का विषय बन गया है। उनके इस चयन को प्रदेश में कबड्डी के उभरते स्वर्णिम दौर का प्रतीक माना जा रहा है।

उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि यथार्थ देशवाल ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर छह सदस्यीय भारतीय टीम में जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने कबड्डी के विभिन्न प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।

महेश जोशी ने आगे बताया कि सर्किल स्टाइल कबड्डी में भी राज्य के खिलाड़ियों का दबदबा बढ़ा है। मलेशिया में प्रस्तावित एशियन सर्किल कबड्डी चैंपियनशिप के लिए राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में उत्तराखंड के छह खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें महिला वर्ग में दीप कौर और पूजा देवी, जबकि पुरुष वर्ग में अमृतपाल सिंह, हरनद सिंह, पंकज और अरविंदर सिंह शामिल हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि 20वें एशियाई खेलों की तैयारियों के तहत आयोजित प्रशिक्षण शिविर के लिए उत्तराखंड की महिला खिलाड़ी भूमिका का चयन पहले ही किया जा चुका है। छोटे से राज्य से इतने खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन होना इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड में कबड्डी का स्वर्णिम समय चल रहा है।

संघ के सचिव चेतन जोशी ने बताया कि इससे पहले बहरीन में आयोजित यूथ एशियन गेम्स में राहुल बोरा और भूमिका ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बीच कबड्डी की अपार संभावनाएं हैं। वर्ष 2025 में दमन-दीव में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय बीच खेलों में राज्य की पुरुष टीम ने कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा 38वें राष्ट्रीय खेलों और हाल ही में आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम में आयोजित बीच कबड्डी प्रतियोगिता में भी टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।

इन उपलब्धियों पर भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व महासचिव राजीव मेहता सहित उत्तराखंड कबड्डी संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड कबड्डी आने वाले समय में और नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *