महिला आरक्षण पर भाजपा पर बरसे करन माहरा, बोले— “मातृशक्ति के साथ विश्वासघात, कानून लागू करने में जानबूझकर देरी”

• “कांग्रेस शुरू से 33% आरक्षण के पक्ष में, नारी शक्ति वंदन अधिनियम का किया था समर्थन”

• “जनगणना और परिसीमन में उलझाकर टाला जा रहा लागू करना”

• “16 अप्रैल के नोटिफिकेशन को बना दिया गया प्रचार का हथियार”

देहरादून, 18 अप्रैल 2026। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य श्री करन माहरा ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की आधी आबादी मातृशक्ति के साथ विश्वासघात किया है और अब राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए झूठ और भ्रम का माहौल बनाया जा रहा है।

श्री माहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की पक्षधर रही है और वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन भी पूरी मजबूती से किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस कानून को लागू करने के बजाय इसे जानबूझकर जनगणना और परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं में उलझाकर टाल रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने के बजाय इस मुद्दे को चुनावी हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है, ताकि जनता की भावनाओं को प्रभावित कर राजनीतिक लाभ लिया जा सके। संसद में हालिया घटनाक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि परिसीमन और सीटों के पुनर्गठन से जुड़े संविधान संशोधन को इस तरह पेश किया गया, मानो विपक्ष महिला आरक्षण का विरोध कर रहा हो, जबकि सच्चाई इसके विपरीत है।

श्री माहरा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस न केवल महिला आरक्षण के पक्ष में है, बल्कि इसे बिना किसी देरी के तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग करती है, ताकि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार मिल सके।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का पूरा तंत्र देश को गुमराह करने में लगा है। 16 अप्रैल 2026 को जारी किए गए नोटिफिकेशन को भी एक बड़े प्रचार अभियान का हिस्सा बनाकर यह भ्रम फैलाया गया कि महिला आरक्षण लागू हो चुका है, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाओं को अभी तक वास्तविक प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार की नीयत साफ है, तो वर्तमान लोकसभा सीटों के भीतर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता क्यों नहीं निकाला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानती है कि महिलाओं को वास्तविक प्रतिनिधित्व मिलने पर उसकी राजनीति प्रभावित होगी, इसलिए इस मुद्दे को जानबूझकर लटकाया जा रहा है।

श्री माहरा ने भाजपा पर लोकतंत्र की मूल भावना के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के नाम पर केवल “राजनीतिक ड्रामा” किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

अंत में उन्होंने देश की जनता से अपील की कि भाजपा के इस कथित भ्रम और प्रचार की राजनीति को समझें, सच को पहचानें और महिलाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *