उत्तराखंड में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, राज्यभर में एन्यूमरेटर-सुपरवाइजर प्रशिक्षण संपन्न

:- झबरेड़ा, मंगलौर, बीएचईएल सहित कई क्षेत्रों में प्रशिक्षण; स्व-गणना के लिए जागरूकता अभियान भी तेज

:- झबरेड़ा, बिरोंखाल, चौबट्टाखाल में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

:- मंगलौर और बीएचईएल में भी प्रशिक्षण को मिला अच्छा प्रतिसाद

:- स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए विभागीय स्तर पर संवाद अभियान

:- आकाशवाणी, दूरदर्शन और पीआईबी के अधिकारियों से समन्वय

:- जनभागीदारी बढ़ाने पर सरकार का विशेष जोर

देहरादून, 17 अप्रैल। उत्तराखंड में जनगणना 2027 की तैयारियों को गति देते हुए राज्यभर में एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर के प्रशिक्षण कार्यक्रम तेज़ी से आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही जन-जागरूकता गतिविधियों को भी व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है, ताकि स्व-गणना (सेल्फ एनुमेरशन) के प्रति नागरिकों की भागीदारी बढ़ाई जा सके।

नगर पंचायत झबरेड़ा के अंतर्गत चार्ज झबरेड़ा में प्रशिक्षण कार्यक्रम का द्वितीय दिवस अटल उत्कर्ष कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन एफटी श्री सौरव कुमार एवं श्री सुनील कुमार पाल द्वारा किया गया।

इसी क्रम में बिरोंखाल एवं चौबट्टाखाल क्षेत्रों में भी एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर प्रशिक्षण/बैठकों का आयोजन कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नगर पालिका परिषद मंगलौर में प्रशिक्षण का दूसरा दिन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ, जबकि बीएचईएल में प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

जनगणना कार्य को प्रभावी बनाने के लिए स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के साथ संवाद भी स्थापित किया जा रहा है। इस क्रम में उप निदेशक श्री आर. के. बनवारी ने आकाशवाणी एवं दूरदर्शन की संयुक्त निदेशक श्रीमती साक्षी सिंह सहित अन्य अधिकारियों से भेंट कर स्व-गणना को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

इसके अतिरिक्त, प्रसार भारती–दूरदर्शन के कार्यक्रम प्रमुख श्री अनिल कुमार भट्ट, उप-निदेशक श्री कुलभूषण कुमार, क्लस्टर प्रमुख श्री सुरेश कुमार मीना तथा पीआईबी के सहायक निदेशक श्री संजीव सुन्दरियाल से भी मुलाकात कर स्टाफ एवं आमजन को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया गया।

इन प्रयासों के माध्यम से जनगणना 2027 के सफल संचालन के लिए प्रशासनिक समन्वय, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और जनभागीदारी को सुदृढ़ किया जा रहा है। राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करें और इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *