राजकीय महाविद्यालय नैनबाग में भूगोल विभाग की प्रतियोगिताओं का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने दिखाया उत्साह

:- निबंध, तात्कालिक भाषण और क्विज प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

नैनबाग (टिहरी गढ़वाल)। राजकीय महाविद्यालय नैनबाग में भूगोल विभाग की ओर से दिनांक 17 अप्रैल 2026 को विभागीय परिषद के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष डॉ. ब्रीश कुमार के निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. मुकेश कुमार ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विभागीय परिषद के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए, जिससे उनकी प्रतिभा का निरंतर विकास होता है।

इस अवसर पर बी.ए. द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। निबंध प्रतियोगिता का विषय “पर्यावरण ह्रास में मानव की भूमिका” रखा गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने निबंध प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के बाद बी.ए. षष्ठम सेमेस्टर की छात्रा कुमारी दीपा छेत्री ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कुमारी कशिश राघव द्वितीय और कुमारी शिवानी बडोनी तृतीय स्थान पर रहीं।

तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को समसामयिक विषय दिए गए, जिन पर उन्होंने अपने विचार व्यक्त किए। इस प्रतियोगिता में कुमारी दीपा छेत्री ने प्रथम, कुमारी हिमानी ने द्वितीय तथा कुमारी शिवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसके पश्चात भूगोल एवं पर्यावरण विषय पर आधारित प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों से सामान्य ज्ञान एवं भूगोल से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इस प्रतियोगिता में वर्णिका राणा प्रथम, कशिश राघव द्वितीय तथा शिवानी बडोनी तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. ब्रीश कुमार, डॉ. संदीप कुमार, श्री राजमोहन सिंह रावत एवं श्री भुवन चंद्र डिमरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. दुर्गेश कुमारी सहित कार्यालय के श्री सुशील चंद्र एवं श्री भुवन चंद्र डिमरी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *