:- 300 मेगावाट राष्ट्रीय परियोजना की प्रगति समीक्षा, ड्रॉइंग्स और तकनीकी अध्ययन शीघ्र पूरा करने के निर्देश
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून। यमुना नदी पर यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा निर्माणाधीन 300 मेगावाट लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के कार्यों का भारत सरकार के जलशक्ति मंत्रालय के सचिव वी.एल. कांताराव ने विस्तृत निरीक्षण किया। राष्ट्रीय परियोजना घोषित इस महत्वाकांक्षी योजना की प्रगति पर केंद्र सरकार के विभिन्न विभाग लगातार अनुश्रवण कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान सचिव वी.एल. कांताराव ने परियोजना के विभिन्न घटकों और संरचनाओं का गहन अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के बाद अल्प समय में परियोजना कार्यों को गति देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना निर्धारित समयावधि में पूरी होगी।
निरीक्षण के बाद परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए सचिव ने निगम और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक की। यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि समीक्षा बैठक में सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसी के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही, कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष बल दिया गया।
सचिव वी.एल. कांताराव ने एल एंड टी को निर्देशित किया कि परियोजना से संबंधित आवश्यक ड्रॉइंग्स समय पर निगम को उपलब्ध कराई जाएं, ताकि निर्माण कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए। वहीं, केन्द्रीय जल आयोग के अधिकारियों को भी निर्धारित समयसीमा में संबंधित ड्रॉइंग्स उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने National Institute of Rock Mechanics तथा Central Water and Power Research Station द्वारा संचालित तकनीकी अध्ययनों को भी शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जलशक्ति मंत्रालय के सचिव वी.एल. कांताराव के साथ केन्द्रीय जल आयोग के सदस्य (डिजाइन एवं अनुसंधान) रीडिंग शिमरे, आयुक्त (राज्य परियोजना) प्रवीन कुमार, मुख्य अभियंता (डिजाइन) विवेक त्रिपाठी, निदेशकगण समर्थ अग्रवाल, मोहम्मद अफाख, नरेंद्र शेखावत, भारतीय भूगर्भिक सर्वेक्षण विभाग के निदेशक ए.पी. थपलियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह, निदेशक परियोजनाएं सुरेश चन्द्र बलूनी, अधिशासी निदेशक राजीव अग्रवाल, महाप्रबंधक सुजीत कुमार सिंह, सुनील जोशी, शसंजय जोशी, महकार सिंह सहित निगम एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय महत्व की परियोजना
300 मेगावाट क्षमता की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना
यमुना नदी पर यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा निर्माणाधीन
भारत सरकार ने घोषित किया है राष्ट्रीय परियोजना
जलशक्ति मंत्रालय के सचिव ने किया विस्तृत निरीक्षण
समयबद्ध कार्ययोजना और तकनीकी अध्ययन जल्द पूरा करने के निर्देश