:- उज्ज्वला कनेक्शन, बेटियों की फीस, लैपटॉप और दिव्यांग सहायता समेत 100 से अधिक मामलों का निस्तारण
:- सोमवार को शासन की आपात बैठक के कारण डीएम से नहीं मिल पाए थे कई फरियादी, मंगलवार को कार्यालय कक्ष में फिर सजा जनदरबार
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 07 अप्रैल 2026। सोमवार को शासकीय आपात बैठक के चलते जिलाधिकारी सविन बंसल से मिलने से वंचित रहे करीब 100 फरियादियों को डीएम ने मंगलवार को स्वयं कार्यालय कक्ष में आमंत्रित कर फिर जनदर्शन लगाया। इस दौरान उन्होंने इत्मिनान से जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
सोमवार को प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाले जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान शासन की बैठक में प्रतिभाग करने के कारण प्राप्त 212 शिकायतों में से लगभग 120 फरियादियों की ही शिकायतें सुनी जा सकी थीं। ऐसे में शेष फरियादियों को आज फिर बुलाकर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। मंगलवार को भी 100 से अधिक मसले डीएम के समक्ष पहुंचे, जिनमें अन्य जिलों से आई फरियादें भी शामिल रहीं।
डीएम ने स्पष्ट किया कि वह प्रतिदिन अपने नियमित कार्यों के साथ कार्यालय कक्ष में आने वाले लोगों की शिकायतें भी सुनते हैं और स्वयं उनकी मॉनिटरिंग कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करते हैं। प्रतिदिन 40 से अधिक फरियादी अपनी समस्याएं लेकर डीएम कार्यालय पहुंचते हैं।
जनदर्शन में संगतियावाला भानियावाला निवासी दीपा ने एकल अभिभावक होने और अपनी चार वर्षीय बेटी के पालन-पोषण की जिम्मेदारी बताते हुए उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिलाने की गुहार लगाई। इस पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे पहले जिला प्रशासन दीपा की बेटी का स्कूल में दाखिला भी करा चुका है और उसके प्रकरण में ई-एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।
इसी तरह उत्तरकाशी के पुरोला तहसील स्थित ग्राम वेष्टी पल्ली निवासी 70 वर्षीय मंजरी देवी ने अपनी दिव्यांग पौत्री के भविष्य को लेकर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र मानसिक रूप से बीमार है और पौत्री शारीरिक रूप से असहाय है। डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी को समन्वय कर पौत्री को राफेल होम में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए।
अधोईवाला निवासी बीना देवी और त्यागी रोड निवासी राखी ने आर्थिक तंगी के कारण बेटियों की पढ़ाई बाधित होने की शिकायत की। डीएम ने दोनों की बेटियों की फीस प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा से जमा कराने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास को निर्देशित किया।
वहीं नेमी रोड डालनवाला निवासी प्राची सिंह, जिनका एमसीए में दाखिला जिला प्रशासन पहले ही नंदा-सुनंदा योजना से करा चुका है और आवागमन का पूरा खर्च भी प्रशासन उठा रहा है, ने पढ़ाई के लिए लैपटॉप की मांग की। डीएम ने राइफल क्लब फंड से लैपटॉप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ब्रह्मपुरी निवासी 8 प्रतिशत दिव्यांग मनीष शर्मा ने वर्ष 2006 में चार बच्चों को करंट से बचाने के दौरान गंभीर रूप से झुलसने और हाथ कट जाने की जानकारी देते हुए आर्थिक सहायता मांगी। इस पर डीएम ने राइफल क्लब से 25 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराने के लिए पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और असहायों से जुड़े तीन मामलों में ई-एफआईआर भी दर्ज कराई गई।