देहरादून में खत्म हुआ घरेलू एलपीजी संकट, अब हर घर तक नियमित हो रही गैस डिलीवरी

सीएम पुष्कर सिंह धामी की सख्त मॉनिटरिंग और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से सप्लाई व्यवस्था पटरी पर
देहरादून में घरेलू गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य

घर-घर हो रही नियमित होम डिलीवरी

गोदाम से सीधे वितरण पर प्रशासन की रोक

70 एजेंसियों पर लगातार निगरानी, 30 सदस्यीय टीम तैनात

गैस के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई

उपभोक्ताओं से घबराहट में स्टॉक न करने की अपील
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून: देहरादून में पिछले दिनों बना घरेलू एलपीजी गैस का संकट अब पूरी तरह खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन की सक्रियता से गैस आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो गई है और अब उपभोक्ताओं को घर-घर नियमित रूप से सिलेंडर की होम डिलीवरी मिल रही है।

प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए गैस एजेंसियों को समय पर सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गोदाम से सीधे उपभोक्ताओं को गैस देने पर रोक लगाकर होम डिलीवरी व्यवस्था को अनिवार्य किया गया है। निगरानी के लिए क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात की गई है, जो क्षेत्रवार एजेंसियों का निरीक्षण कर रही है।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद गैस एजेंसियों ने सप्लाई चेन को मजबूत किया है, जिससे शहर में गैस की उपलब्धता अब सामान्य हो गई है। उपभोक्ताओं ने भी राहत की सांस ली है और सरकार व प्रशासन के प्रयासों की सराहना की है।

स्थानीय उपभोक्ता कुलदीप रावत ने बताया कि अब नियमित रूप से घर-घर गैस की डिलीवरी हो रही है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराहट में अनावश्यक गैस स्टॉक न करें।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल के अनुसार, गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन चार चरणों में काम कर रहा है। गैस बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाया गया है और जिले की करीब 70 एजेंसियों पर 30 सदस्यीय टीम द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि तीनों तेल कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जा रहा है, जिससे सप्लाई प्रभावित न हो। साथ ही घरेलू गैस के दुरुपयोग पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *