टिहरी झील से पर्यटन और साहसिक खेलों को नई उड़ान: ‘हिमालयन 0.2 – द टिहरी लेक फेस्टिवल’ का भव्य आगाज़

सीएम धामी ने कोटी कालोनी–नई टिहरी रोपवे निर्माण की घोषणा की, ₹318 करोड़ के कोटी–डोबरा पर्यटन मार्ग का वर्चुअल शिलान्यास

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून/नई टिहरी। पर्यटन, साहसिक खेल, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति के संदेश के साथ ‘हिमालयन 0.2 – द टिहरी लेक फेस्टिवल’ का भव्य शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वास जताया कि सुंदर टिहरी झील आने वाले समय में देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर भी साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगी।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कोटी कालोनी–नई टिहरी रोपवे निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की पावन धरा आध्यात्मिकता और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम रही है। यहां की नदियां, पर्वत, झीलें और परंपराएं सदियों से पूरे विश्व को आकर्षित करती रही हैं। टिहरी झील के किनारे आयोजित यह महोत्सव पर्यटन, खेल और स्थानीय संस्कृति को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में बसी टिहरी झील प्राकृतिक सौंदर्य का अनूठा उदाहरण होने के साथ-साथ साहसिक खेलों के लिए तेजी से उभरता हुआ केंद्र है। यहां आयोजित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दे रही हैं और उत्तराखण्ड को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान दिला रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य टिहरी को वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बनाना है। इसके लिए टिहरी झील में कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग, स्कूबा डाइविंग सहित कई साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही यहां आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं, ताकि राज्य के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखण्ड से भावनात्मक लगाव जगजाहिर है और उनके मार्गदर्शन में राज्य में पर्यटन और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में टिहरी में 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जो राज्य के लिए उत्साहजनक है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोटी–डोबरा पर्यटन मार्ग का रिमोट के माध्यम से वर्चुअल शिलान्यास भी किया। एशियन डेवलपमेंट बैंक द्वारा वित्त पोषित इस परियोजना की कुल लागत ₹318 करोड़ है और इसकी लंबाई करीब 15 किलोमीटर है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक किशोर उपाध्याय, विक्रम सिंह नेगी, विनोद कंडारी, शक्तिलाल शाह, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, नई टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, चंबा नगर पालिका अध्यक्ष सोबनी धनोला और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने देवडोलियों से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *