1.16 करोड़ की लागत से पट्टी रैका के पडिया गांव में बना खेल मैदान, विधायक विक्रम सिंह नेगी की पहल रंग लाई
मोनाल एक्सप्रेस, टिहरी गढ़वाल। पर्वतीय क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के अभाव के बीच प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। पट्टी रैका के पडिया गांव में लगभग 1 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से क्षेत्र का अब तक का सबसे बड़ा और आधुनिक खेल स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है।
यह महत्वाकांक्षी योजना विधायक विक्रम सिंह नेगी के प्रयासों से साकार हुई है, जिससे लंबे समय से खेल मैदान की मांग कर रहे युवाओं को अब स्थायी मंच मिल गया है।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
अब तक प्रतापनगर क्षेत्र में बड़े स्तर की खेल सुविधाओं का अभाव था। पर्वतीय भूगोल और सीमित संसाधनों के कारण युवाओं को अक्सर खेतों या अस्थायी मैदानों में खेलना पड़ता था। उचित स्टेडियम और प्रशिक्षण स्थल न होने से कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पाती थीं।
नए स्टेडियम के निर्माण से:
नियमित अभ्यास की सुविधा मिलेगी
ब्लॉक व जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित हो सकेंगी
सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन संभव होगा
ग्रामीण युवाओं को सकारात्मक दिशा और आत्मविश्वास मिलेगा
विधायक विक्रम सिंह नेगी का आह्वान –
प्रतापनगर विधायक बिक्रम सिंह नेगी
विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि यह खेल मैदान केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक आयोजनों का भी केंद्र बनेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस सुविधा का पूरा लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा को निखारें और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि विकास की इस सोच को अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी अपनाने की आवश्यकता है, ताकि किसी भी युवा का टैलेंट संसाधनों के अभाव में दब न जाए।
पर्वतीय क्षेत्रों में खेल सुविधाओं की चुनौती
उत्तराखंड के कई दूरस्थ इलाकों में आज भी समुचित खेल मैदानों का अभाव है। ऐसे में स्थानीय प्रतिभाएं संसाधनों की कमी के कारण पीछे रह जाती हैं। प्रतापनगर में बना यह स्टेडियम न केवल क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना को प्राथमिकता दें।