एक माह में पूर्ण क्षमता से प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को देहरादून जनपद स्थित कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत संचालित स्किल हब सहसपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की विस्तार से जानकारी ली और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद किया।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के छात्र-छात्राओं को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का भ्रमण कराया जाए, ताकि वे आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण से परिचित हो सकें। क्षमता से कम प्रशिक्षणार्थियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक माह के भीतर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की पूर्ण क्षमता का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
आईटीआई पाठ्यक्रमों में शामिल हों सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के कोर्स
मुख्य सचिव ने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में संचालित उन्नत पाठ्यक्रमों को आईटीआई के नियमित पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने विदेशी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित देश की लिविंग और वर्किंग कल्चर की जानकारी भी प्रशिक्षणार्थियों को दी जाए, जिससे वे विदेश में रोजगार के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें।
युवाओं से संवाद, उज्ज्वल भविष्य की कामना
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने प्रशिक्षण पा रहे छात्र-छात्राओं से उनके अनुभव और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रोजगारोन्मुख उच्च स्तरीय प्रशिक्षण
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के निदेशक श्री संजय कुमार ने बताया कि स्किल हब सहसपुर में राज्य के युवाओं और आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से उच्च स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही विदेशी भाषा प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल, संयुक्त निदेशक अनिल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।