उत्तराखण्ड में सड़क अवसंरचना को नई गति, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में प्रस्तुत हुई प्रगति रिपोर्ट

नई दिल्ली :भारत मंडपम, नई दिल्ली में आदरणीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्तराखण्ड में सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हो रहे अभूतपूर्व विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान प्रदेश में चल रही परियोजनाओं पर आधारित एक विस्तृत वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया।

बैठक में बताया गया कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में सड़क अवसंरचना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। चारधाम यात्रा को सुगम, सुलभ एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ₹12,769 करोड़ की लागत से चारधाम महामार्ग परियोजना के अंतर्गत प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों का उन्नयन कार्य तेजी से किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी की प्रतिबद्धता और मार्गदर्शन से राज्य के कठिन पर्वतीय भूभाग में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूर्ण की गई हैं। वर्तमान में उत्तराखण्ड में 3,723 किलोमीटर का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क विकसित हो चुका है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा डिजाइन किए गए 597 किलोमीटर मार्गों में से 336 किलोमीटर से अधिक का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, रुद्रपुर, काशीपुर, हल्द्वानी और काठगोदाम जैसे प्रमुख शहरी एवं धार्मिक केंद्र अब चौड़ी, आधुनिक और सुरक्षित सड़कों से जुड़े हैं। इसके साथ ही दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे, देहरादून एवं हरिद्वार बाईपास जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं प्रदेश में यातायात को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

इस अवसर पर माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा जी एवं श्री हर्ष मल्होत्रा जी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *