राइका सेमंडीधार का वार्षिकोत्सव सांस्कृतिक रंगों के साथ संपन्न
छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम
बच्चे को गोद में उठाते प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी
देहरादून। विधानसभा प्रतापनगर क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज (राइका) सेमंडीधार का वार्षिक समारोह बड़े हर्षोल्लास और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रतापनगर विधायक बिक्रम सिंह नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक बिक्रम सिंह नेगी ने कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है, जहां से छात्र-छात्राएं अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को संस्कारवान एवं अनुशासनप्रिय बनाने पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। साथ ही छात्र-छात्राओं को मेहनत और लगन से पढ़ाई कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
वार्षिक समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा गढ़वाली एवं हिंदी गीतों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय श्रीवाण, ग्राम प्रधान सावित्री चौहान, भगवती प्रसाद नौटियाल, शीशपाल सिंह रावत, मनीषा भट्ट, जमुना राणा, प्रेमदत्त थपलियाल, बिक्रमा देवी, दिनेश लाल, मंजू देवी, संगीता देवी, साबा देवी, मनीषा देवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।