उत्तरांचल प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी ने डीएम सविन बंसल से की शिष्टाचार भेंट

पत्रकारों की सुरक्षा, हित संरक्षण और पत्रकारिता की आड़ में गलत कार्य करने वालों पर कार्रवाई की मांग

देहरादून, 16 जनवरी 2026। उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा के नेतृत्व में क्लब की नवनियुक्त कार्यकारिणी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जिले में पत्रकारों के हितों के संरक्षण, उनकी सुरक्षा तथा कार्यस्थितियों को बेहतर बनाने से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यकारिणी ने जिलाधिकारी के समक्ष यह प्रमुख मांग रखी कि पत्रकारिता के नाम पर गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं समूहों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पत्रकारिता की गरिमा बनी रहे और वास्तविक पत्रकारों की साख पर आंच न आए। साथ ही, पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं से भी प्रशासन को अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवनियुक्त कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि पत्रकारों के हितों के संरक्षण के लिए प्रशासन द्वारा प्रभावी एवं व्यावहारिक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है।

उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार में मीडिया से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा भी जताई, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा भविष्य में प्रशासन और प्रेस क्लब के बीच समन्वय एवं सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने पर सहमति बनी।

इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, ओम प्रकाश जोशी, हरीश थपलियाल, सुलोचना पयाल, रश्मि खत्री, हिमांशु जोशी, मनवर, वीरेंद्र डंगवाल “पार्थ” आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *