पत्रकार हितों पर जोर, जिलों में मीडिया सेंटर स्थापित करने की भी घोषणा
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा के नेतृत्व में प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पत्रकारों के हितों और लंबे समय से लंबित प्रेस क्लब भवन निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने मुख्यमंत्री के समक्ष पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए प्रेस क्लब भवन के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि आगामी बैसाखी पर्व के शुभ अवसर पर प्रेस क्लब भवन का विधिवत शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से प्रेस क्लब पदाधिकारियों और पत्रकारों में उत्साह का माहौल है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस पहल से प्रदेश में पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पत्रकारिता को नई मजबूती मिलेगी।
अजय राणा ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में मीडिया सेंटर स्थापित करने की भी बात कही है, जिससे स्थानीय स्तर पर कार्यरत पत्रकारों को बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री सोबन सिंह गोसाईं, निवर्तमान महामंत्री सुरेंद्र डसीला तथा वरिष्ठ पत्रकार पंकज पंवार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।