ऑपरेशन प्रहार में रुद्रप्रयाग पुलिस की बड़ी सफलता, गुलदार की खाल के साथ 2 वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार

:- चारधाम यात्रा से पहले बॉर्डर चेकिंग अभियान में एसओजी की सटीक कार्रवाई, हरिद्वार में लाखों में बेचने की थी तैयारी

ओम प्रकाश जोशी, रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशन में अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” व बॉर्डर चेकिंग अभियान के तहत रुद्रप्रयाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाए जाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस ने गुलदार की खाल के साथ 02 वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है।

बीती 09 अप्रैल 2026 की शाम, पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री निहारिका तोमर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग के पर्यवेक्षण में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक रणजीत खनेडा के नेतृत्व में टीम नगरासू क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नगरासू बस अड्डे के पास एक संदिग्ध एक्टिवा स्कूटी (यूके 11 ए 8349) को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान स्कूटी सवार दोनों आरोपियों के कब्जे से वन्य जीव (गुलदार) की एक खाल बरामद हुई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बरामद खाल की पुष्टि गुलदार की खाल के रूप में की।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इस खाल को जोशीमठ से हरिद्वार ले जाकर लाखों रुपये में बेचने की फिराक में थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रुद्रप्रयाग में मु.अ.सं. 22/2026 के तहत धारा 9, 39, 50, 51 व 52 वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

👤 गिरफ्तार अभियुक्त

मनोहर लाल, पुत्र श्री चौतू लाल, निवासी ग्राम हाट, पो. पीपलकोटी, जिला चमोली (उम्र 40 वर्ष)

सुरेश लाल, पुत्र श्री मदन लाल, निवासी ग्राम पैनी, पो. पैनी, थाना जोशीमठ, जिला चमोली (उम्र 35 वर्ष)

👮 पुलिस टीम

उपनिरीक्षक रणजीत खनेडा (प्रभारी एसओजी रुद्रप्रयाग)

कान्स. देवेंद्र सिंह

कान्स. दीपक प्रसाद

कान्स. रविंद्र सिंह

🌲 वन विभाग टीम

डिप्टी रेंजर रुद्रप्रयाग दिनेश चंद्र

वन आरक्षी आकाश रावत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *