राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह रहे मुख्य अतिथि, स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार और जागरूकता पर जोर
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 19 मार्च 2026। हिमालयन हेल्थकेयर इनोवेशन समिट 2026 में प्रोफेसर नितिका कौशल, प्रोफेसर एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर, रास बिहारी बोस सुभारती यूनिवर्सिटी को “वुमेन इन हेल्थकेयर” सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान, चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए प्रदान किया गया।
वेलोक्स मीडिया द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम हयात सेंट्रिक देहरादून में संपन्न हुआ, जिसमें उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राज शेखर जोशी, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. सुनीता टम्टा और एससीपीसीआर की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निवारक और सामुदायिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर हुई है।
उन्होंने ‘ट्रीटमेंट’ से पहले ‘हीलिंग’ पर ध्यान देने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेलीमेडिसिन और मजबूत प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। साथ ही पीपीपी मॉडल में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
प्रो. नितिका कौशल ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अपने नेतृत्व के माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र विकास, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के प्रोत्साहन और शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता को नई दिशा मिली है, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ पहुंचा है।
समिट के दौरान हिमालयी और पूर्वोत्तर राज्यों से आए विशेषज्ञों ने सार्वजनिक स्वास्थ्य, महिलाओं के स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल हेल्थ और पीपीपी मॉडल जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा की।
इस आयोजन में 150 से अधिक प्रतिभागियों और 40 से अधिक विशेषज्ञों ने भाग लिया, जिससे यह मंच स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ।