:- दोपहर 3 बजे से सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी में निःशुल्क आयोजन, 14 वर्षों से अमर धुनों को समर्पित स्वरांजली की खास पेशकश
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून। दून के संगीत प्रेमियों के लिए 12 अप्रैल का दिन खास होने जा रहा है। सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में दोपहर 3 बजे से ‘ओल्ड इज़ गोल्ड नाइट’ बाय स्वरांजली का भव्य आयोजन होगा। कार्यक्रम की घोषणा शनिवार को देहरादून प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान की गई।
आयोजक संदीप गुप्ता ने बताया कि यह वार्षिक संगीतमय संध्या पिछले 14 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य प्रतिभाशाली और उत्साही गायकों को मंच देना तथा भारतीय सिनेमा के महान गायकों को गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करना है। इस वर्ष भी मंच पर किशोर कुमार, मोहम्मद रफ़ी, आशा भोसले और लता मंगेशकर के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि हर साल कलाकार पिछले आयोजनों से अलग नए गीतों का चयन करते हैं, जिससे दर्शकों को हर बार एक नया अनुभव मिलता है। रंग-बिरंगे आकर्षक परिधानों और मंचीय प्रस्तुति के साथ यह कार्यक्रम केवल संगीत नहीं, बल्कि एक संपूर्ण सांस्कृतिक अनुभव बन जाता है।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम सभी के लिए निःशुल्क रखा गया है। यह आयोजन पूरी तरह संगीत के प्रति जुनून और समर्पण का परिणाम है।
इस बार कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में अतिथि कलाकार शिवानी ऑस्ट्रेलिया से विशेष रूप से प्रस्तुति देने पहुंची हैं। वहीं रजत गुप्ता पिछले वर्ष की तरह इस बार भी गिटार पर लाइव परफॉर्मेंस देंगे, जो कार्यक्रम को और खास बनाएगी।
सह-आयोजक राजेश गोयल और महबूब आलम ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री खजान दास होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल और राज्य मंत्री अशोक वर्मा मौजूद रहेंगे। इसके अलावा एनआईसी उत्तराखंड के उप महानिदेशक (आईटी) संजय गुप्ता और भाजपा प्रदेश निकाय प्रकोष्ठ के सह-संयोजक विशाल गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता में अरुण गुप्ता, नरेश आनंद, रोहित चंद्रा, कमल जोली, प्रदीप गुप्ता, शिवा गुप्ता, रजत गुप्ता और शिवानी भी मौजूद रहे।