प्रेमनगर छात्र हत्याकांड में बड़ी गिरफ्तारी, 25-25 हजार के दो इनामी आरोपी बंगाल से दबोचे

:- ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी समेत दो फरार अभियुक्त ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाए जा रहे

:- 23 मार्च की रात छात्रों के दो गुटों की मारपीट में हुई थी युवक की मौत, पहले 4 आरोपी जा चुके हैं जेल

ओम प्रकाश जोशी, देहरादून। एसएसपी देहरादून की रणनीति एक बार फिर अपराधियों पर भारी पड़ी। ऑपरेशन प्रहार के तहत प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट में छात्र की मौत के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी समेत दो 25-25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्तों को दून पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 23/03/2026 की रात केहरी गांव, प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 55/26, धारा 3(5)/61(2)/103(1)/191(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा और अंकित भारद्वाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और विवेचना के दौरान घटना में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए, जिसके बाद पुलिस टीमों ने कई गैर-प्रांतों में दबिश दी।

लगातार फरार रहने पर एसएसपी देहरादून ने सभी फरार अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वर्तमान में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना प्रभारियों को सक्रिय और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में थाना प्रेमनगर और एसओजी की संयुक्त टीम ने सर्विलांस, सुरागरसी और लगातार अंतरराज्यीय दबिशों के आधार पर फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रहलाद राज पुत्र विनय सिंह और अंकुर सिंह पुत्र पुरुषोत्तम सिंह को आकाश रिसॉर्ट, पुरूलिया, थाना बांगमुण्डी, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रहलाद राज मूल रूप से हनुमान नगर न्यू एरिया, जिला नवादा, बिहार का निवासी है और हाल में सैनिक कॉलोनी फेज-2, प्रेमनगर में रह रहा था। दूसरा आरोपी अंकुर सिंह मूल रूप से महल्दीचक सोनपर, जिला गोपालपुर, बिहार का निवासी है और हाल में सैनिक कॉलोनी फेज-2 में रह रहा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड हासिल कर लिया है और उन्हें देहरादून लाया जा रहा है। इस कार्रवाई को ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *