देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब परिसर में मंगलवार को लोहड़ी पर्व हर्षोल्लास, पारंपरिक रंग और सामाजिक सौहार्द के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों के साथ-साथ सिख समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और पर्व की सांस्कृतिक गरिमा को जीवंत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत इतिहासकार व कथावाचक बलविंद्र सिंह द्वारा लोहड़ी पर्व के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के विवरण से हुई। मुख्य अतिथि दून इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन डी.एस. मान ने कहा कि लोहड़ी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी साझा संस्कृति को सहेजते हुए समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर पारंपरिक जुनून डांस ग्रुप के बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। अलाव जलाकर लोहड़ी की रस्में निभाई गईं और सभी ने रेवड़ी, मूंगफली व पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया।
उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी सशक्त मंच है। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री योगेश सेमवाल, सांस्कृतिक समिति संयोजिका मीना नेगी और सिख समुदाय के अमरजीत सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, विभिन्न गुरुद्वारों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में क्लब सदस्य उपस्थित रहे।