देहरादून : लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने से ऋषिकेश में विश्व प्रसिद्ध रामझूला पुल की एविडमेंट से करीब पांच मीटर दूर करीब 30 मीटर क्षेत्र में भूधंसाव हो गया है। इसके चलते पुल पर फिलहाल दोपहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। जबकि पैदल ही लोग आवागमन कर सकेंगे। यहां से पर्यटक तथा स्थानीय नागरिक स्वर्गआश्रम क्षेत्र में जाते हैं।
लोक निर्माण विभाग नरेंद्र नगर निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता आशुतोष ने बताया कि पुल के एविडमेंट से करीब पांच मीटर दूर भूधंसाव हुआ है, जिससे फिलहाल पुल को कोई खतरा नहीं है। पुल के सपोर्टिंग वायर तथा टावर पूरी तरह सुरक्षित हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर दुपहिया वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है। पैदल आवाजाही के लिए पुल को खोला गया है। पुल पर ज्यादा भीड़ ना बढ़ पाए, इसके लिए पुलिस को सीमित संख्या में लोगों को पुल पर आवागमन की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि भूस्खलन को रोकने के लिए सुरक्षात्मक कार्य किए जाएंगे।