शादी समारोह के लिए अब 2 कमर्शियल गैस सिलेंडर मिलेंगे, 10 रुपये के स्टांप पर शपथ पत्र जरूरी
देहरादून में 10 दिन पहले आवेदन पर मिलेगी सुविधा, कालाबाजारी रोकने को DM की QRT भी सख्त ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 6 अप्रैल 2026। शादी-विवाह समारोह में गैस सिलेंडर की दिक्कत को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। अब विवाह आयोजनों के लिए अधिकतम 2 व्यावसायिक गैस सिलेंडर अस्थायी रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है। इसके लिए आवेदक को शादी समारोह से 10 से 12 दिन पहले आवेदन करना होगा।
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
आवेदन के साथ निम्न दस्तावेज अनिवार्य होंगे—
₹10 के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र
शादी का कार्ड
आधार कार्ड की प्रति
नगर क्षेत्र के लिए आवेदन जिला पूर्ति कार्यालय, देहरादून में, जबकि तहसील क्षेत्रों में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/पूर्ति निरीक्षक कार्यालय में जमा करना होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सिलेंडर अस्थायी कनेक्शन के रूप में दिए जाएंगे, जिन्हें उपयोग के तुरंत बाद संबंधित गैस एजेंसी को वापस करना होगा।
अब तक 75 आवेदन पहुंचे
जिले में इस सुविधा के लिए अब तक 75 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिन पर संबंधित गैस एजेंसियों को सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
गैस एजेंसियों को अपने कुल कमर्शियल स्टॉक का 10 प्रतिशत हिस्सा शादी समारोह के लिए रिजर्व रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
छोटे दुकानदारों, छात्रों और मजदूरों के लिए भी राहत
प्रशासन ने छोटे दुकानदारों, विद्यार्थियों और श्रमिकों की जरूरत को देखते हुए 5 किलो वाले छोटे गैस सिलेंडर की उपलब्धता बढ़ाने की व्यवस्था भी की है।
तेल कंपनियों को भी अधिक संख्या में कमर्शियल और 5 किलो सिलेंडर गैस एजेंसियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
कालाबाजारी पर सख्ती, 4 घरेलू सिलेंडर जब्त
एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए डीएम की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) लगातार कार्रवाई कर रही है।
नगर निगम देहरादून क्षेत्र में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
कंट्रोल रूम में अब तक गैस आपूर्ति से जुड़ी 13 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिन पर जिला पूर्ति विभाग तत्काल कार्रवाई कर रहा है।
आज की गैस सप्लाई और स्टॉक
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में आज—
13,388 घरेलू उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति
807 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सिलेंडर वितरण
घरेलू स्टॉक: 16,767
व्यावसायिक स्टॉक: 4,442
प्रशासन ने कहा है कि घरेलू और व्यवसायिक दोनों श्रेणियों में गैस सिलेंडर की सप्लाई लगातार बढ़ाई जा रही है।