ऑपरेशन प्रहार का असर: दून के 50 पब-बार अब पुलिस की सीधी निगरानी में

:- एसएसपी की सख्ती के बाद होटल-रेस्तरां के सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जुड़े, नियम तोड़ने वालों पर रहेगी 24 घंटे नजर

:- अपराध रोकथाम को दून पुलिस की बड़ी डिजिटल पहल, शेष प्रतिष्ठानों को जोड़ने के लिए विशेष टेक्निकल टीम कर रही कार्रवाई

ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 07 अप्रैल। राजधानी में पब, बार, होटल और रेस्तरां में होने वाली गतिविधियों पर अब पुलिस की सीधी नजर रहेगी। एसएसपी देहरादून की पहल पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अब तक 50 पब/बार/होटल/रेस्तरां समेत प्रमुख प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस पुलिस ने अपने कंट्रोल रूम से जोड़ लिया है। इससे इन प्रतिष्ठानों में आने-जाने वालों और बाहरी गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा सकेगी।

एसएसपी दून ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पहले सभी पब, बार, होटल और अन्य प्रतिष्ठान स्वामियों के साथ बैठक की थी। बैठक में संचालकों को निर्देश दिए गए थे कि प्रतिष्ठानों के एंट्री और आउटर प्वाइंट्स पर लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस पुलिस को उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत जांच और कार्रवाई हो सके।

निर्देशों के बाद पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख पब, बार और होटल संचालकों से समन्वय स्थापित कर सीसीटीवी सिस्टम को पुलिस निगरानी तंत्र से जोड़ना शुरू किया। अब तक 50 प्रतिष्ठानों के कैमरों का एक्सेस पुलिस को मिल चुका है, जिनकी कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस डिजिटल निगरानी व्यवस्था से न केवल प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी तत्काल प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी। किसी घटना के दौरान फुटेज तुरंत उपलब्ध होने से जांच प्रक्रिया भी तेज होगी।

एसएसपी दून ने इस कार्य के लिए विशेष टेक्निकल टीम गठित की है, जो शेष बचे पब, बार, होटल और अन्य प्रतिष्ठानों के स्वामियों से समन्वय कर उनके सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस लेने की कार्रवाई कर रही है।

शहर के होटल, बार और पब संचालकों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

खास बातें

50 प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरे पुलिस कंट्रोल रूम से जुड़े

एंट्री और आउटर प्वाइंट्स पर 24 घंटे निगरानी

शेष प्रतिष्ठानों को जोड़ने के लिए विशेष टेक्निकल टीम सक्रिय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *