डीएम की क्यूआरटी का सख्त एक्शन: 32 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, 16 एजेंसियों पर औचक निरीक्षण

 मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून | 18 मार्च 2026। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के तहत जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई जारी है। जिला प्रशासन की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) लगातार सक्रिय रहते हुए अवैध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

इसी क्रम में बुधवार को चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान तहसील सदर क्षेत्र से 22 और विकासनगर क्षेत्र से 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। ये सिलेंडर होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अवैध रूप से उपयोग में लाए जा रहे थे। संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

👉 16 गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण
जिला प्रशासन की टीम ने जनपद की 16 गैस एजेंसियों का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गैस आपूर्ति और वितरण प्रणाली, ओटीपी आधारित डिलीवरी व्यवस्था और अभिलेखों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सुचारू गैस वितरण सुनिश्चित किया जाए।

👉 डीएम का सख्त संदेश
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी और दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

👉 जनता से अपील
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग या कालाबाजारी की सूचना मिले, तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *