शौचालय की फाइल से उठी घूस की बदबू, 15 हजार लेते ब्लॉक का बाबू ट्रैप
एफडीआर रिलीज के नाम पर वसूली, लमगड़ा ब्लॉक ऑफिस में विजिलेंस का धावा
: तीन लाख के शौचालय टेंडर पर 15 हजार की ‘कट’, शिकायत मिलते ही हल्द्वानी विजिलेंस ने बिछाया जाल
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून। अल्मोड़ा में शौचालय निर्माण के पैसे तक घूसखोरी की बदबू पहुंच गई। विकास खंड लमगड़ा कार्यालय में तैनात लेखाकार ने तीन लाख रुपये के स्वीकृत शौचालय निर्माण टेंडर की एफडीआर रिलीज करने के एवज में 15 हजार रुपये की डिमांड कर डाली। शिकायत विजिलेंस तक पहुंची तो टीम ने ऐसा जाल बिछाया कि बाबू नोट गिनता रह गया और टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
जनपद के विकास खंड लमगड़ा में भ्रष्टाचार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शौचालय निर्माण कार्य से जुड़े 3,00,000 रुपये के स्वीकृत टेंडर की एफडीआर रिलीज कराने के नाम पर लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट द्वारा शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायत सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी पहुंचने के बाद टीम ने पहले पूरे मामले की गोपनीय पड़ताल की। आरोप सही मिलने पर मंगलवार को ट्रैप टीम ने ब्लॉक कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 15,000 रुपये थमाए, विजिलेंस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। विजिलेंस अब आरोपी के पुराने भुगतान रिकॉर्ड, विकास कार्यों की फाइलों और अन्य ठेकेदारों से जुड़े मामलों को भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं यह ‘कट मनी’ का खेल लंबे समय से तो नहीं चल रहा था।