न्याय को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम, नॉर्थ ज़ोन रीजनल कॉन्फ्रेंस का भव्य समापन

‘न्याय मित्र पोर्टल’ लॉन्च, दूरस्थ जिलों के लिए विधिक सेवा वाहनों को दिखाई हरी झंडी

नैनीताल, 12 अप्रैल। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली के तत्वाधान में उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा आयोजित दो दिवसीय नॉर्थ ज़ोन रीजनल कॉन्फ्रेंस का रविवार को भव्य समापन हुआ। इस वर्ष सम्मेलन का विषय “Enhancing Access to Justice” तथा मुख्य थीम “Justice Beyond Barriers: Rights, Rehabilitation & Reform for the Most Vulnerable” रही।

समापन अवसर पर माननीय भारत के मुख्य न्यायाधीश एवं नालसा के संरक्षक-प्रधान न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत, भारत सरकार के कानून एवं न्याय राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल, उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश श्री मनोज कुमार गुप्ता ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। इस दौरान विभिन्न गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

न्याय तक आसान पहुंच पर मंथन

सम्मेलन में उत्तराखंड के सभी जनपदों के जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के अध्यक्ष, सचिव एवं न्यायिक अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। विभिन्न तकनीकी सत्रों में न्याय तक पहुंच को और सशक्त बनाने, वंचित वर्गों के अधिकारों की सुरक्षा तथा न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।

वन अधिकार, जेल सुधार और महिला-बाल अधिकारों पर विशेष चर्चा

सम्मेलन के दौरान वन अधिकार अधिनियम, 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन, जेल सुधार, विचाराधीन बंदियों के अधिकार, एसिड अटैक पीड़ितों के पुनर्वास तथा महिलाओं और बच्चों के विधिक अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

‘न्याय मित्र पोर्टल’ बना आकर्षण का केंद्र

इस अवसर पर माननीय भारत के मुख्य न्यायाधीश द्वारा “न्याय मित्र पोर्टल” का शुभारंभ किया गया। इस पोर्टल के माध्यम से आमजन ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर त्वरित न्याय प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, नालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री विक्रम नाथ द्वारा ई-बुकलेट का विमोचन भी किया गया।

एंटी-ड्रग वीडियो लॉन्च, युवाओं को दिया जागरूकता संदेश

माननीय राज्यपाल ने एंटी-ड्रग जागरूकता वीडियो का शुभारंभ करते हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। सम्मेलन में लोक अदालत, मध्यस्थता, नालसा पोर्टल और हेल्पलाइन सेवाओं के माध्यम से न्याय को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया।

दूरस्थ क्षेत्रों के लिए विधिक सेवा वाहन रवाना

सम्मेलन के दौरान दूरस्थ क्षेत्रों में विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड राज्य के समस्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के लिए यूटिलिटी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह सम्मेलन न्याय व्यवस्था को अधिक समावेशी, सुलभ और मानव-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जो समाज के वंचित और कमजोर वर्गों तक न्याय की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य को और मजबूत करता है।

..…………………………………………………………..

कॉन्फ्रेंस की 5 बड़ी बातें

‘न्याय मित्र पोर्टल’ का शुभारंभ

ई-बुकलेट का विमोचन

एंटी-ड्रग जागरूकता वीडियो लॉन्च

दूरस्थ जिलों के लिए यूटिलिटी वाहन रवाना

जेल सुधार और कमजोर वर्गों के अधिकारों पर मंथन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *