आपदा से बचाव के गुर सीखेंगे विद्यार्थी, राजकीय पॉलिटेक्निक बच्छेलीखाल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने छात्र-छात्राओं को दी आपदा प्रबंधन, प्राथमिक सुरक्षा और आपातकालीन बचाव की जानकारी

बच्छेलीखाल (टिहरी गढ़वाल)। आपदा के समय सतर्कता और सूझबूझ कई जिंदगियां बचा सकती है। इसी उद्देश्य से 16 नवम्बर 2026 को राजकीय पॉलिटेक्निक बच्छेलीखाल में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल की ओर से एक दिवसीय आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक एवं अन्य आपदाओं, उनसे बचाव, प्राथमिक सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित सहायता के महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

इस अवसर पर संस्थान की प्राचार्य नर्मदा सिंह, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उन्हें सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *