बेस्ट सीएम सर्वे में धामी को दूसरा स्थान, महेंद्र भट्ट ने बताया उत्तराखंड के लिए गौरव

:- सुशासन, सख्त कानूनों और विकासपरक नीतियों को मिली राष्ट्रीय पहचान; धामी को सर्वे में मिले 881 अंक

:- राष्ट्रीय सर्वे में मुख्यमंत्री धामी को मिली पहचान, महेंद्र भट्ट ने जताई खुशी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- सुशासन, सख्त फैसलों और विकासपरक नीतियों को मिली राष्ट्रीय स्तर पर सराहना; यूसीसी, नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून का किया उल्लेख

देहरादून। फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट की ओर से जारी ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे-2026’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मिली रैंकिंग पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इसे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह राज्य सरकार की नीतियों, प्रशासनिक कार्यशैली और विकासपरक निर्णयों को मिली राष्ट्रीय स्तर की पहचान है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि 1000 अंकों के पैमाने और सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, कार्यक्षमता, दूरदर्शिता, जनस्वीकार्यता एवं परिणाम सहित 10 प्रमुख मानकों पर आधारित त्रिस्तरीय सर्वे में मुख्यमंत्री धामी को उल्लेखनीय स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की जनता के विश्वास और सरकार की कार्यशैली को दर्शाती है।

भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में विभिन्न कार्य किए गए हैं। इसके साथ ही सख्त धर्मांतरण कानून, नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जैसे फैसलों के माध्यम से राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सरकार विकास योजनाओं को अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। हाल ही में पेश 7,844.18 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें युवाओं, महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण से जुड़ी प्राथमिकताओं को भी महत्व दिया गया है।

भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *