:- ‘80 दिनों में विश्व भ्रमण’ थीम पर विद्यार्थियों ने बिखेरे संस्कृति के रंग, आकर्षक प्रस्तुतियों से मोहा दर्शकों का मन
देहरादून। ग्रीनवुड हिल्स स्कूल का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह-2026 रविवार को सांस्कृतिक विविधता और प्रतिभाओं के सम्मान के साथ धूमधाम से मनाया गया। ‘80 दिनों में विश्व भ्रमण’ थीम पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों के जरिए दुनिया के विभिन्न देशों की संस्कृति, परंपराओं और विविधताओं को मंच पर जीवंत कर दिया। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन सुमित नंदा, निर्देशिका निधि नंदा और सीईओ डॉ. उदय नंदा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षाविद और अभिभावक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरीश आहूजा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और वर्षभर की गतिविधियों का विवरण दिया। उन्होंने खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में किए गए प्रयासों की जानकारी साझा की।
समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘80 दिनों में विश्व भ्रमण’ विषय पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न देशों की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। उनकी प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और विद्यालय प्रबंधन ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
समारोह के समापन पर विद्यालय की निर्देशिका निधि नंदा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के माध्यम से विद्यालय ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।