:- मुख्यमंत्री धामी ने 38 विकास कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण, बड़कोट और चिन्यालीसौड़ के राजकीय महाविद्यालयों को उच्चीकृत करने की घोषणा
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित बर्नीगाड़ में लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 विकास कार्यों का शिलान्यास और 8 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ किया और क्षेत्र में शिक्षा, सड़क तथा खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू कराने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की भी घोषणा की। साथ ही डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की बात कही।
194 करोड़ रुपये से अधिक के 30 कार्यों का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें लोक निर्माण विभाग पुरोला के 6 करोड़ रुपये की लागत के 5 कार्य, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के 6 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत के 4 कार्य, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) खंड पुरोला के 176 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत के 18 कार्य तथा सिंचाई खंड पुरोला के 5 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत के 3 कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 8 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें लोक निर्माण विभाग बड़कोट के 97 लाख रुपये की लागत का एक कार्य, समग्र शिक्षा के 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत के 3 कार्य, माध्यमिक शिक्षा के 1 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत का एक कार्य तथा पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के 18 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत के 3 कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, सिंचाई, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य: धामी
मुख्यमंत्री ने जनसेवा शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए और अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार बर्नीगाड़ पहुंचकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति, युवाओं और क्षेत्रवासियों के स्नेह के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रही है, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
धामी ने कहा कि जिन विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है, उनसे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन एवं परिसर के निर्माण की दिशा में जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।
महिला सशक्तीकरण और युवाओं को रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क संपर्क, पर्यटन, शिक्षा और अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत और घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने में मदद मिली है।
उन्होंने बताया कि राज्य में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आर्थिकी मजबूत कर रही हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उनके अनुसार, पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। राज्य सरकार दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
चारधाम यात्रा और राज्य में लागू कानूनों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। उनके अनुसार, प्रदेश में सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
विधायक ने विकास योजनाओं के लिए जताया आभार
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बर्नीगाड़ आगमन पर स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। राजकीय महाविद्यालय के शुभारंभ तथा विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।