:- 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या रही हास्य और पहाड़ी लोकगीतों के नाम, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कलाकारों को किया सम्मानित
टिहरी गढ़वाल। नरेंद्रनगर में आयोजित ऐतिहासिक 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या में हास्य और पहाड़ी लोकगीतों का शानदार संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर ने अपनी चुटीली प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया, वहीं लोक गायक अजय चौहान और अजू तोमर के लोकप्रिय गीतों पर मेला मैदान देर रात तक झूमता रहा। स्टार नाइट में बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल ने कलाकारों को सम्मानित किया।
सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर ने बिखेरा हास्य का रंग
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर की प्रस्तुतियों से हुई। दोनों कलाकारों ने अपने चुटीले अंदाज, हास्य संवादों और शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को खूब हंसाया। उनकी कॉमेडी पर मेला मैदान ठहाकों से गूंज उठा और दर्शक देर तक मनोरंजन का आनंद लेते रहे।
इसके बाद हिमाचल के लोक गायक अजय चौहान और अजू तोमर ने मंच संभाला। दोनों गायकों ने ‘रोहड़ू जाणा मेरी आमिये’, ‘शिलॉन्ग लागा मेला’, ‘लड़की सुहाणी’, ‘झुमके झुमके’ और ‘नाटी किंग’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को संगीतमय बना दिया। कलाकारों ने दर्शकों के बीच पहुंचकर भी प्रस्तुतियां दीं। उनके गीतों पर युवा समेत अन्य दर्शक देर रात तक थिरकते रहे।
लोक संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देता है कुंजापुरी मेला : सुबोध उनियाल
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल और नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार उपस्थित रहे। अतिथियों ने मंच पर पहुंचे कलाकारों को पहाड़ी टोपी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मां कुंजापुरी मेला क्षेत्र की लोक संस्कृति, कला और पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन स्थानीय संस्कृति को पहचान दिलाने के साथ ही कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, प्रकाश चंद्र रमोला, महेश गोसाईं, द्वारिका प्रसाद जोशी, सभासद साकेत बिजल्वाण, सचिन भंडारी, पुष्पा राणा, ममता देवी, विनीता देवी और पार्वती नौटियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
महिला वॉलीबॉल में राजस्थान पुलिस बनी चैंपियन, मनी क्लब को सीधे सेटों में हराया
विजेता टीम को 1.01 लाख और उपविजेता को 51 हजार रुपये का चेक व ट्रॉफी
मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत आयोजित महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस की टीम ने खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में राजस्थान पुलिस ने मनी क्लब को सीधे सेटों में 25-18 और 25-12 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले में स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता राजस्थान पुलिस की टीम को 1,01,000 रुपये का चेक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता मनी क्लब की टीम को 51,000 रुपये का चेक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए खेल मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी पहुंचे। दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और मुकाबले का आनंद लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दोनों टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।