:- खाद्यान्न की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर रहेगा विशेष जोर, सेक्टर अधिकारियों के साथ खाद्य विभाग के अधिकारी भी करेंगे निरीक्षण
देहरादून, 14 अक्टूबर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने देहरादून नगर निगम क्षेत्र के सभी 100 वार्डों में संचालित उचित दर दुकानों के निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों पर प्रत्येक वार्ड में दुकानों की व्यवस्थाओं की जांच के लिए सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। उनके साथ संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अथवा पूर्ति निरीक्षक भी तैनात रहेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित वार्डों में उचित दर दुकानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई की व्यवस्था और उपभोक्ताओं को वितरित किए जा रहे खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान दुकानों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेने के साथ ही निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्यान्न वितरण की स्थिति का भी परीक्षण किया जाएगा।
एक सप्ताह में देनी होगी निरीक्षण रिपोर्ट
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण की विस्तृत आख्या एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य उचित दर दुकानों की व्यवस्थाओं में सुधार करना, खाद्यान्न की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
जिला प्रशासन के इस कदम से राशन की दुकानों में साफ-सफाई, खाद्यान्न की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की निगरानी को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।