ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक: दून पुलिस की देर रात छापेमारी, 27 गिरफ्तार

:- निर्धारित समय के बाद भी खुला मिला D3 बार, संचालक हिरासत में; लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी

:- देर रात घूम रहे 61 लोगों से पूछताछ, 97 वाहन चालकों के चालान और 39 वाहन सीज

देहरादून। राजधानी में रात के समय नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट में औचक छापेमारी की गई। निर्धारित समय के बाद भी बार खुला मिलने पर संचालक को हिरासत में लिया गया, जबकि शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यातायात और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर 10 और 11 अक्टूबर की मध्यरात्रि को पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों और संदिग्धों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई। अभियान के दौरान विशेष रूप से देर रात अनावश्यक रूप से सड़कों पर घूमने वाले व्यक्तियों, हुड़दंग करने वालों और निर्धारित समय के बाद भी खुले रहने वाले बार व रेस्टोरेंट पर निगरानी रखी गई।

निर्धारित समय के बाद खुला मिला D3 बार

पुलिस के अनुसार, धोरन रोड स्थित D3 बार में निर्धारित समय के बाद भी संचालन किया जा रहा था। बार में लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन का मामला सामने आने पर संचालक को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही, बार का लाइसेंस निरस्त करने के संबंध में रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी गई है।

शराब पीकर वाहन चलाने पर 27 गिरफ्तार

अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। संबंधित वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत सीज किया गया। इसके अतिरिक्त यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 97 वाहन चालकों के एमवी एक्ट के तहत चालान किए गए और 39 वाहनों को सीज किया गया।

61 लोगों से पूछताछ, पुलिस एक्ट में भी कार्रवाई

पुलिस ने देर रात अनावश्यक रूप से घूम रहे 61 व्यक्तियों और युवकों को पूछताछ के लिए संबंधित थानों में लाकर उनका सत्यापन किया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने के मामलों में 78 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

दून पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य देर रात होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, हुड़दंग और नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगाना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में संबंधित थाना क्षेत्रों में चेकिंग और कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *