पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, जनप्रतिनिधियों को दिया विकास योजनाओं का प्रशिक्षण

हिंडोलखाल में त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधि संवाद एवं विकास संकल्प सेवा सेतु सम्मेलन आयोजित, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान

हिंडोलखाल (टिहरी गढ़वाल)। पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। पंचायती राज विभाग के तत्वावधान में सामाजिक संस्था नव ज्योति जन कल्याण समिति की ओर से विकासखंड देवप्रयाग के ब्लॉक मुख्यालय हिंडोलखाल में त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधि संवाद एवं विकास संकल्प सेवा सेतु सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों को विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता, जनसेवाओं और स्थानीय संसाधनों से आय बढ़ाने के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना और पंचायतों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि दर्जाधारी मंत्री विनोद सुयाल ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से पंचायतों को मजबूत एवं स्वावलंबी बनाने के लिए संचालित विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय विकास की प्रक्रिया में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और सहभागिता आवश्यक है।

पंचायत विकास योजना से लेकर आय बढ़ाने के उपायों पर प्रशिक्षण

सम्मेलन में नव ज्योति जन कल्याण समिति के राजेंद्र सिंह रांगड़, परशुराम डोभाल एवं निर्मल सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। इसमें थीम आधारित पंचायत विकास योजना, अपशिष्ट प्रबंधन नीति-2026, सेवा का अधिकार अधिनियम, पंचायतों के स्वयं के स्रोतों से आय सृजन (OSR) तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी शामिल रही।

प्रशिक्षण सत्र में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यक्रमों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर संवाद भी किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यक्षमता बढ़ाना, स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को प्रोत्साहित करना और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

पंचायत प्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनोद सिंह बिष्ट, कनिष्ठ प्रमुख राजपाल सिंह चौहान, सहायक विकासखंड अधिकारी विनय बहुगुणा, सहायक पंचायत अधिकारी सुरेश रमोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य गुड्डी देवी, कमलजीत, उदय राम नौटियाल, मोहन सिंह चौहान, कौशल्या देवी, नीमा देवी, किरण देवी, वीणा देवी, चांदनी देवी, पूनम देवी, मनोज पाल, राधा देवी और मेल सिंह रावत सहित विकासखंड के अनेक पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्मेलन के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, आय के स्रोत विकसित करने, जनसेवाओं को सुगम बनाने और विकास योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।

………

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *