:- देवी पुराण और देवी महात्म्य पर आधारित कलाकृतियां बनीं आकर्षण का केंद्र, 19 अक्टूबर तक कला प्रेमियों के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी
देहरादून, 10 अक्टूबर। बल्लूपुर स्थित चित्र इंटरनेशनल आर्ट गैलरी में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय कलाकार ज़ोली हर्ज़ेग (Zoli Herczgeg) की दस दिवसीय एकल कला प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। हंगरी के रहने वाले ज़ोली हर्ज़ेग इन दिनों अपनी कलाकृतियों के साथ भारत के दौरे पर हैं। प्रदर्शनी में देवी पुराण और देवी महात्म्य पर आधारित उनकी कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र हैं।
प्रदर्शनी का उद्घाटन यूकॉस्ट (UCOST) के पूर्व महानिदेशक और स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति डॉ. राजेंद्र डोभाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने मोमबत्ती जलाकर उद्घाटन समारोह की शुरुआत की। कार्यक्रम में देहरादून के प्रमुख कलाकार ज्ञानेंद्र कुमार, सी.बी. रसाइली, कर्नल भरत भंडारी, डॉ. शशि झा, विक्की आर्य, डॉ. अनिर्बान धर, मोइन खान, राहुल सोनकर, संगीता, राकेश डोभाल, अनुज रतूड़ी और चित्र इंटरनेशनल आर्ट गैलरी के संस्थापक अरविंद गैरोला मौजूद रहे।
संस्कृत के श्लोक और रंगों का अनूठा संयोजन
ज़ोली हर्ज़ेग की कलाकृतियों में भारतीय पौराणिक परंपराओं और कलात्मक प्रयोगों का अनूठा मेल देखने को मिलता है। उन्होंने हाथ से तैयार की गई टेक्सचर्ड सतहों पर देवनागरी लिपि में संस्कृत के श्लोक उकेरे हैं। उबड़-खाबड़ बनावट वाली इन सतहों पर रंगों के आकर्षक मिश्रण से तैयार की गई कलाकृतियां दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं।
प्रदर्शनी देखने पहुंचे कला प्रेमियों ने कलाकृतियों का आनंद लिया और इस आयोजन के लिए गैलरी के प्रयासों की सराहना की। प्रदर्शनी के माध्यम से शहर के कला प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय कलाकार की रचनात्मक दृष्टि और कलात्मक शैली को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है।
19 अक्टूबर तक देख सकेंगे कलाकृतियां
चित्र इंटरनेशनल आर्ट गैलरी, 42 अलकापुरी, बल्लूपुर, देहरादून में आयोजित यह प्रदर्शनी 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी देखने का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इच्छुक लोग प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियों को खरीद भी सकते हैं।