उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता के भूकंप से डोली धरती, दोपहर में बागेश्वर में भी लगे झटके

:- रात 8:07 बजे आया भूकंप, जमीन से 11 किलोमीटर नीचे था केंद्र; बागेश्वर में 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज

उत्तरकाशी/देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार को दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। रात करीब 8:07 बजे उत्तरकाशी में 4.2 मैग्नीट्यूड तीव्रता का भूकंप आया, जबकि दोपहर में बागेश्वर जिले में 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रात में आए भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी क्षेत्र में था और इसकी गहराई जमीन से 11 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की ओर से जारी विवरण के मुताबिक, उत्तरकाशी में भूकंप 10 अक्टूबर 2026 को रात 8 बजकर 7 मिनट 30 सेकंड (भारतीय समयानुसार) पर आया। इसका अक्षांश 30.744 उत्तर और देशांतर 78.414 पूर्व दर्ज किया गया। भूकंप के झटकों से क्षेत्र में हलचल रही। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।

दोपहर में बागेश्वर में 2.8 तीव्रता का भूकंप :-

इससे पहले शनिवार दोपहर 3 बजकर 40 मिनट 53 सेकंड पर बागेश्वर जिले में भी भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, इसकी तीव्रता 2.8 मैग्नीट्यूड और गहराई पांच किलोमीटर दर्ज की गई। इस भूकंप का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में था। दोनों घटनाओं के बाद फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

एक ही दिन में उत्तरकाशी और बागेश्वर में भूकंप के झटके महसूस किए जाने से पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ गई है। लोगों को भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है।

चार दिनों के भीतर दूसरी बार भूकंप

उत्तराखंड में चार दिनों के भीतर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले छह अक्टूबर की रात करीब 10:23 बजे चमोली जिले में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था। उसका केंद्र नारायणबगड़ के पास बताया गया था। उस भूकंप के झटके दिल्ली-एनसीआर तक महसूस किए जाने की खबरें सामने आई थीं। अब शनिवार रात एक बार फिर चमोली में भूकंप आने से प्रदेश में भूकंपीय गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *