:- पूर्व विवाद के चलते साथियों संग हमला करने का आरोप, चांदी की चेन और 8 हजार रुपये छीनने की शिकायत
पटेलनगर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट करने और उसकी चांदी की चेन व आठ हजार रुपये छीनने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पूर्व में हुए विवाद के चलते आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, देहरखास स्थित देवऋषि एनक्लेव निवासी अंकज पुत्र लाल सिंह ने 8 अक्टूबर 2026 को कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 7 अक्टूबर को प्रज्जवल, आदित्य गर्ग, आयुष पंडित, तुषार और 15 से 20 अन्य युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसकी चांदी की चेन तथा आठ हजार रुपये छीन लिए।
शिकायत के आधार पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 738/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 191(2) और 309(6) के तहत कार्रवाई शुरू की।
पटेलनगर क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य गर्ग (21) पुत्र संजय गर्ग, निवासी ब्रह्मपुरी, निरंजनपुर, देहरादून और प्रज्जवल दीक्षित (19) पुत्र बॉबी दीक्षित, निवासी अनुपम विहार, न्यू पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।