कुष्ठ रोग मुक्त लोगों के स्वास्थ्य की जांच, 86 लाभार्थियों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं

:- चार कुष्ठ आश्रमों में लगे विशेष शिविर, 32 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित; मानसिक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया

देहरादून, 15 सितंबर। जनपद देहरादून में कुष्ठ रोग से मुक्त व्यक्तियों के बेहतर स्वास्थ्य और नियमित देखभाल के उद्देश्य से चार कुष्ठ आश्रमों में विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में लाभार्थियों की गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग, आंखों की जांच, निःशुल्क चश्मा वितरण और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

रैफल कुष्ठ आश्रम में 19 लोगों की नेत्र जांच, एनसीडी स्क्रीनिंग और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श किया गया। इनमें दो लोगों को चश्मे वितरित किए गए। रोटरी क्लब कुष्ठ आश्रम, भगत सिंह कॉलोनी में 20 लाभार्थियों की जांच एवं परामर्श किया गया तथा नौ लोगों को चश्मे दिए गए।

राम मंदिर एवं इंद्रेश कुष्ठ आश्रम में 24 लाभार्थियों की नेत्र जांच, एनसीडी स्क्रीनिंग और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श किया गया। यहां 12 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं केकेएम कुष्ठ आश्रम, नालापानी में 23 लोगों की स्वास्थ्य जांच और परामर्श किया गया तथा नौ लोगों को चश्मे प्रदान किए गए।

इस प्रकार चारों शिविरों में कुल 86 लाभार्थियों की नेत्र जांच, एनसीडी स्क्रीनिंग और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श किया गया, जबकि 32 लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि कुष्ठ रोग से मुक्त व्यक्तियों के सर्वांगीण स्वास्थ्य सुधार और बेहतर देखभाल के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस तरह के विशेष अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविरों का संचालन अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. नेगी के मार्गदर्शन में किया गया। विशेषज्ञ टीम में डॉ. निशा सिंगला (मनोचिकित्सक), सुश्री रजनी राणा (साइकैटरिस्ट नर्स), श्री अनिल टम्टा (दृष्टिमितज्ञ/ऑप्टोमेट्रिस्ट), श्री बी. आर. तोमर, श्री बी. पी. गौड़ (एमएनएस), श्री सुभाष भट्ट, यूपीएचसी रीठामंडी की टीम से सुश्री लीला पंवार (एनएनएम), सुश्री सिमरन चौहान (स्टाफ नर्स), श्री सुरेश रमोला एवं श्री संदीप उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *