डीडी कॉलेज में हिंदी दिवस पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, हिंदी के सम्मान और संवर्धन का दिया संदेश

:- राशि पांडे प्रथम, सभ्य थापा द्वितीय और दीक्षा रावत तृतीय स्थान पर रहीं, विद्यार्थियों ने रखे प्रभावशाली तर्क

देहरादून, 14 सितंबर। डीडी कॉलेज, निंबूवाला में हिंदी दिवस के अवसर पर “अंग्रेजी का बढ़ता प्रभाव हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को मिटा रहा है” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समसामयिक एवं संवेदनशील विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए तथा प्रभावशाली तर्कों के माध्यम से अपनी बात रखी।

प्रतियोगिता में कुल 18 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अंग्रेजी के बढ़ते प्रभाव, मातृभाषा के महत्व और हिंदी के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का मूल भाव अन्य भाषाओं के प्रति अनादर नहीं, बल्कि अपनी भाषा के प्रति सम्मान और हिंदी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना रहा।

प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की राशि पांडे ने प्रथम, बीए तृतीय सेमेस्टर के सभ्य थापा ने द्वितीय तथा बीबीए तृतीय सेमेस्टर की दीक्षा रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

निर्णायक मंडल में डॉ. संगीता रावत, डॉ. नवीन कांडवाल एवं आदित्य कुमार शामिल रहे। इस अवसर पर लॉ के प्रोफेसर डॉ. महेश्वर जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला और हिंदी के सम्मान में कविता प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. क्षमा कौशिक ने किया। उन्होंने कार्यक्रम के अंत में अपनी स्वरचित कविता का भी पाठ किया—

“वाणी का वैभव, अमित विस्तार है,
हृदय से प्रस्रत, सरस रसधार है।
भिन्न भाषी देश और परदेश को,
जोड़ दे हिंदी सुदृढ़ वह तार है।”

कार्यक्रम का संयोजन श्रीमती शिल्पा तनेजा ने किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति जागरूकता, सम्मान और इसके निरंतर संवर्धन का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *