प्रेमनगर के लक्ष्मीपुर में 30 लाख की रंगदारी मांगने और फायरिंग का आरोप, लंबे समय से चल रही थी फरार
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में घर पर फायरिंग कर 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रही 15 हजार रुपये की इनामी आरोपी को दून पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्ता घटना के बाद लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रही थी। मामले में एक अभियुक्त को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 20 मई 2026 की रात EHT लक्ष्मीपुर, प्रेमनगर निवासी सीमा राजपूत के घर फायरिंग की घटना हुई थी। इस संबंध में वादिनी ने 24 मई को प्रेमनगर कोतवाली में तहरीर देकर अर्जुन निवासी झिंझोली, सोनीपत हरियाणा, विकास बलारा निवासी रोहतक हरियाणा और दीपिका पत्नी रविंदर दहिया निवासी नाहरी, सोनीपत हरियाणा के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र कर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने और उनके पति से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था।
तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा अपराध संख्या 99/2026 के तहत धारा 109(1), 308(4) और 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एक आरोपी पहले ही जा चुका है जेल
विवेचना के दौरान मामले में अमन पुत्र सुपेंद्र निवासी नालापानी, डीएल रोड, डालनवाला का नाम भी प्रकाश में आया था। पुलिस ने उसे 10 जून 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार उत्तराखंड से बाहर दबिश दे रही थीं। फरार रहने पर एसएसपी देहरादून ने दोनों फरार अभियुक्तों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित और सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रेमनगर पुलिस ने फरार इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर सर्विलांस और अन्य माध्यमों से सुरागरसी की। पुलिस को मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद इनामी अभियुक्ता दीपिका पत्नी रविंदर दहिया (31), निवासी नाहरी, सोनीपत, हरियाणा को 10 सितंबर 2026 को सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में व0उ0नि0 संजय रावत, उपनिरीक्षक नौशाद अंसारी और महिला कांस्टेबल शकुंतला शामिल रहे।