तंबाकू से दूर रहें युवा, कंपनियों के नए ग्राहकों के जाल को समझें : डॉ. मनोज शर्मा

:- एसजीआरआर विश्वविद्यालय में तंबाकू निषेध पर जागरूकता कार्यशाला, पोस्टर व रंगोली प्रतियोगिता के विजेता पुरस्कृत

देहरादून, 10 सितंबर। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग में जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ, कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी देहरादून की ओर से तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर कॉलेज जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा और डीन डॉ. सोनिका कंडारी ने किया।

इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने छात्र-छात्राओं को तंबाकू और तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। युवाओं को तंबाकू उत्पाद कंपनियों की उन रणनीतियों को समझना होगा, जिनके माध्यम से किशोरों और युवाओं को नए ग्राहक बनाने के लिए विज्ञापन एवं आकर्षक ऑफरों का सहारा लिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से तंबाकू और इसके उत्पादों से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया।

जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की मनोवैज्ञानिक डॉ. अनुराधा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी प्रस्तुतीकरण में प्रतिभाग किया। इसके अलावा तंबाकू के दुष्प्रभावों पर पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तंबाकू प्रकोष्ठ की ओर से पुरस्कृत किया गया। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यशाला के दौरान कोटपा (COTPA) अधिनियम एवं तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान गाइडलाइन के अनुरूप श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय को तंबाकू मुक्त विश्वविद्यालय घोषित किया गया।

कार्यक्रम में डीन डॉ. सोनिका कंडारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की मनोवैज्ञानिक डॉ. अनुराधा, अर्चना उनियाल, रेखा उनियाल, अनुराग उनियाल सहित विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *