जुलाई 2027 सत्र में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 2013 से 2015 के बीच जन्मे अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
देहरादून। राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविद्यालय (आरआइएमसी) में जुलाई 2027 सत्र में प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से प्रवेश परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। चार घंटे 30 मिनट की यह लिखित परीक्षा पेन-पेपर मोड में होगी।
जुलाई 2027 सत्र की प्रवेश परीक्षा के लिए 2 जुलाई 2013 से 1 जनवरी 2015 के बीच जन्मे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 30 सितंबर 2026 शाम पांच बजे तक आवेदन पत्र जमा कर सकेंगे। परीक्षा शुल्क का भुगतान 30 सितंबर की रात 11:50 बजे तक किया जा सकेगा।
विलंब शुल्क के साथ 7 अक्टूबर तक मौका
निर्धारित तिथि के बाद भी अभ्यर्थियों को विलंब शुल्क के साथ आवेदन का अवसर मिलेगा। 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर शाम पांच बजे तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा। विलंब शुल्क का भुगतान 7 अक्टूबर रात 11:50 बजे तक किया जा सकेगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद राम जायसवाल ने छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
सामान्य वर्ग के लिए 1000 रुपये परीक्षा शुल्क
सामान्य वर्ग, रक्षा कर्मियों एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों तथा केंद्रीय सूची के ओबीसी-एनसीएल अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 1000 रुपये निर्धारित है। एससी-एसटी अभ्यर्थियों को 750 रुपये शुल्क देना होगा। विलंब से आवेदन करने पर निर्धारित परीक्षा शुल्क के अतिरिक्त 500 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।
ओबीसी-एनसीएल श्रेणी के अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी जाति केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल है। केवल राज्य की ओबीसी सूची में शामिल अभ्यर्थी ओबीसी-एनसीएल का लाभ नहीं ले सकेंगे।
20 फरवरी 2027 तक आएगा लिखित परीक्षा का परिणाम
लिखित परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के उत्तर पत्रक, प्रश्नपत्र सेट और उत्तर कुंजी एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। लिखित परीक्षा का परिणाम 20 फरवरी 2027 तक घोषित किया जाना प्रस्तावित है।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए अप्रैल 2027 में दूसरे चरण की मौखिक परीक्षा प्रस्तावित है। इसकी तिथि बाद में एनटीए और आरआइएमसी की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
परीक्षा केंद्र और परीक्षा का समय प्रवेश पत्र में उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा से करीब 12 से 15 दिन पहले परीक्षा शहर की सूचना और परीक्षा से 5 से 7 दिन पहले प्रवेश पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध आरआइएमसी प्रवेश परीक्षा पोर्टल से प्राप्त कर सकते हैं।
……….